Updated September 12th, 2021 at 12:04 IST

देश के 10 धार्मिक स्थल जहां श्रद्धालुओं की लगी रहती है भारी भीड़, जानें क्या है मान्यता

भारत में ऐतिहासिक स्थलों और मंदिरों की भरमार है। बहुत से ऐसे ऐतिहासिक धार्मिक स्थल हैं, जहां हमेशा हजारों-लाखों की तादात में श्रद्धालु पहुंचते हैं।

Reported by: Dalchand Kumar
PIC Credit- PTI | Image:self
Advertisement

हजारों सालों से अनेक धर्म और जातियों को समेटकर भारत आस्था और संस्कृति की खूबसूरत इबारत लिखता रहा है। पूरे विश्व में भारत की संस्कृति और धर्म की अपनी अलग ही पहचान है। भारत में ऐतिहासिक स्थलों और मंदिरों की भरमार है। बहुत से ऐसे ऐतिहासिक धार्मिक स्थल हैं, जहां हमेशा सैंकड़ों मील दूरी का सफर तय करके हजारों-लाखों की तादात में श्रद्धालु अपनी मुराद लेकर पहुंचते हैं। हर स्थल का अपना अपना इतिहास और धार्मिक महत्त्व है। चलिए हम आपको भारत के 10 मुख्य धार्मिक स्थलों और उनकी मान्यताओं के बारे में बताते हैं...

यह भी पढ़ें : Ganesh Chaturthi 2021: गणेश चतुर्थी के अवसर पर रिश्तों को बांधे रखने के लिए भेजें ये खास संदेश

माता वैष्णो देवी, जम्मू

हिन्दुओं के पवित्र धार्मिक स्थलों में से एक वैष्णो देवी मंदिर जम्मू-कश्मीर में कटरा की पहाड़ियों में स्थित है। यह मंदिर देवी आदि शक्ति को समर्पित है। यह मंदिर मां दुर्गा पर आस्था और श्रद्धा की एक बहुत बड़ी मिसाल है। मान्यता है कि देवी वैष्‍णो यहां पर बनी एक गुफा में आकर छिपी थीं और उन्होंने एक राक्षस का वध किया था। वैष्णो देवी मंदिर का मुख्‍य आकर्षण गुफा में रखे तीन पिंड है।

वेंकटेश्वर मंदिर, तिरुपति

भारत के सबसे प्रसिद्ध तीर्थस्थलों में आंध्रप्रदेश का तिरुपति भी है, जहां भगवान विष्णु को समर्पित हिन्दू मंदिर है। हर साल लाखों श्रद्धालु यहां पहुंचते हैं। कई शताब्दी पूर्व बना यह मंदिर दक्षिण भारतीय वास्तुकला और शिल्प कला का अदभूत उदाहरण है। इस मंदिर से जुड़ी मान्यता यह है कि प्रभु विष्णु ने कुछ समय के लिए तिरुमाला के पास स्थित स्वामी पुष्करणी सरोवर के किनारे निवास किया था। ऐसा माना जाता है कि यहां आने के बाद व्यक्ति को जन्म-मृत्यु के बंधन से मुक्ति मिलती है। 

सिद्धिविनायक मंदिर, मुंबई

मुंबई में स्थित सिद्धिविनायक मंदिर में भगवान गणेश विराजमान हैं। सिद्धिविनायक गणपति मंदिर भारत में सबसे अधिक दान पाने वाले मंदिरों में से एक है। यह मंदिर, उन गणेश मंदिरों में से एक है, जहां सिर्फ हिंदू ही नहीं, बल्कि हर धर्म के लोग दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए आते हैं। सिद्धिविनायक भगवान गणेश का सबसे लोकप्रिय रूप है। कहा जाता है कि सिद्धिविनायक की महिमा अपरंपार है। वे भक्तों की मनोकामना को तुरंत पूरा करते हैं। मान्यता है कि गणपति बहुत ही जल्दी प्रसन्न होते हैं और उतनी ही जल्दी कुपित भी होते हैं।

साईं बाबा मंदिर, शिरडी

शिरडी का साईं बाबा मंदिर भी विश्व प्रसिद्ध है। साईं बाबा मंदिर में दुनियाभर से श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। साई बाबा हिंदू और मुस्लिमों की आस्‍था के प्रतीक कहे जाते हैं। ऐसा कहा जाता है कि शिरडी का मंदिर साईं बाबा का समाधि स्थल है। बाबा ने यहां आखिरी दिनों में समाधि ली थी और यहीं पर वह चिरनिद्रा में लीन हो गए थे। कुछ लोग उन्हें हिंदू मानते हैं तो कुछ लोग मुसलमान होने की बात करते हैं।

यह भी पढ़ें : कई आक्रमण झेले, फिर भी नहीं कम हुआ वैभव...सोमनाथ मंदिर की कुछ ऐसी है कहानी

श्री जगन्नाथ मंदिर, पुरी

ओडिशा राज्य के तटवर्ती शहर पुरी में स्थित श्री जगन्नाथ मंदिर एक हिंदू मंदिर है, जो भगवान जगन्नाथ (श्रीकृष्ण) को समर्पित है। इस मंदिर को हिन्दुओं के चार धाम में से एक माना जाता है। हर साल जून महीने में होने वाला इस मंदिर का रथ यात्रा उत्सव विश्व प्रसिद्ध है, जिसमें लाखों लोग पहुंचते हैं। यह मंदिर वैष्णव परंपराओं और संत रामानंद से जुड़ा हुआ है। यह गौड़ीय वैष्णव संप्रदाय के लिए खास महत्व रखता है। 

काशी विश्वनाथ, बनारस

काशी विश्वनाथ मंदिर भगवान शिव को समर्पित सबसे प्रसिद्ध हिंदू मंदिरों में से एक है। यह उत्तर प्रदेश के वाराणसी में स्थित है। यह मंदिर पवित्र नदी गंगा के पश्चिमी तट पर स्थित है। इसे 12 ज्योतिर्लिंग में से एक माना जाता है, जो शिवमेटल के सबसे पवित्र हैं। मुख्य देवता को विश्वनाथ या विश्वेश्वर नाम से जाना जाता है। वाराणसी शहर को काशी भी कहा जाता है, इसलिए मंदिर को काशी विश्वनाथ मंदिर कहा जाता है। 

कामाख्या मंदिर, असम

शक्ति की देवी सती का यह मंदिर असम की राजधानी दिसपुर के पास गुवाहाटी से 8 किलोमीटर दूर कामाख्या में है। कामाख्या मंदिर का तांत्रिक महत्व है। प्राचीन काल से सतयुगीन तीर्थ कामाख्या वर्तमान में तंत्र सिद्धि का सर्वोच्च स्थल है। नीलशैल पर्वतमालाओं पर स्थित मां भगवती कामाख्या का सिद्ध शक्तिपीठ सती के 51 शक्तिपीठों में सर्वोच्च स्थान रखता है। मान्यता है कि जो भी बाहर से आए भक्तगण जीवन में तीन बार दर्शन कर लेते हैं, उनको सांसारिक भय बंधन से मुक्ति मिल जाती है। 

महाकालेश्वर, मध्य प्रदेश

मध्य प्रदेश के उज्जैन में स्थित महाकालेश्वर मंदिर भारत के 12 ज्योतिर्लिंगों में से एक है। पुराणों, महाभारत और कालिदास जैसे महाकवियों की रचनाओं में इस मंदिर का मनोहर वर्णन मिलता है। यहां भी हर साल लाखों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसी मान्यता है कि इसके दर्शन मात्र से ही मोक्ष की प्राप्ति हो जाती है। 

यह भी पढ़ें : मध्य प्रदेश: उज्जैन में महाकालेश्वर मंदिर में भक्तों को अब मिलेगी भस्म आरती में शामिल होने की अनुमति

पद्मनाभस्वामी मंदिर, केरल

केरल राज्य के तिरुअनन्तपुरम में स्थित पद्मनाभस्वामी मंदिर भगवान विष्णु का प्रसिद्ध हिंदू मंदिर है। भारत के प्रमुख वैष्णव मंदिरों में शामिल यह ऐतिहासिक मंदिर तिरुअनंतपुरम के अनेक पर्यटन स्थलों में से एक है। पद्मनाभ स्वामी मंदिर विष्णु-भक्तों की महत्वपूर्ण आराधना स्थली भी है। मंदिर के गर्भगृह में भगवान विष्णु की विशाल मूर्ति विराजमान है, जिसे देखने के लिए हजारों भक्त दूर दूर से यहां आते हैं। मान्यता है कि तिरुअनंतपुरम नाम भगवान के 'अनंत' नामक नाग के नाम पर ही रखा गया है। यहां पर भगवान विष्णु के विश्राम अवस्था को 'पद्मनाभ' कहा जाता है और इस रूप में विराजित भगवान यहां पर पद्मनाभ स्वामी के नाम से विख्यात हैं।

अमरनाथ, श्रीनगर

अमरनाथ हिंदुओं का एक प्रमुख तीर्थस्थल है। अमरनाथ गुफा भगवान शिव के प्रमुख धार्मिक स्थलों में से एक है। इस गुफा में भगवान शिव विराजमान हैं। अमरनाथ को तीर्थों का तीर्थ कहा जाता है, क्योंकि माना जाता है कि यहीं पर भगवान शिव ने मां पार्वती को अमरत्व का रहस्य बताया था। यहां की प्रमुख विशेषता पवित्र गुफा में बर्फ से प्राकृतिक शिवलिंग का निर्मित होना है। सावन के पवित्र महीने में यह स्थल श्रद्धालुओं से भरा रहता है।

Advertisement

Published September 12th, 2021 at 11:54 IST

Whatsapp logo